
फतहनगर। श्री गणेश मंदिर पर गत 30 मार्च से चल रहे सामूहिक श्री नवाह्नपारायण रामायण पाठ का सोमवार को समापन होगा।
कार्यक्रम के संयोजक कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि रविवार को आठवें दिन अङ्गद रावण संवाद, लक्ष्मण मुर्छा, कुंभकर्ण, मेघनाद, रावण वध, भरत हनुमान मिलन के प्रसंगों का उत्साह के साथ पाठ किया गया। पाठ में नगर के पुरुष एवं महिला पाठकों ने भक्तिमय प्रसंगों में डूबते हुए सामूहिक रूप में एक साथ बैठकर पाठ किया। आज का पूजन,आव्हान सुबोध पाराशर द्वारा मंत्रोच्चार के साथ करवाया गया। मुख्य व्यासपीठ से आज मानस पाठक मोहनसिंह भाटी, बाबूलाल अग्रवाल,राजेन्द्र मंडोवरा एवं नटवर अग्रवाल ने सस्वर पाठ करके उपस्थित पाठियों को आनन्दित किया। विश्राम के बाद रामायण एवं हनुमानजी की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। अग्रवाल के अनुसार सोमवार को सुबह 7बजे से पाठ का शुभारंभ होगा तथा 10.30बजे से रामायण की आरती एवं दोपहर बाद 3बजे से हवन शुरू होगा। हवन की पूर्णाहुति,आरती आदि के साथ ही शाम 5 बजे से प्रसाद वितरण शुरू होकर उक्त आयोजन को विराम दिया जाएगा।