Home>>उदयपुर>>लेकसिटी को अब मिलेगी अब बर्ड पार्क से नई पहचान,मुख्यमंत्री ने किया राजस्थान के पहले बर्ड पार्क का लोकार्पण
उदयपुर

लेकसिटी को अब मिलेगी अब बर्ड पार्क से नई पहचान,मुख्यमंत्री ने किया राजस्थान के पहले बर्ड पार्क का लोकार्पण

उदयपुर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को उदयपुर के गुलाबबाग में प्रदेश के पहले बर्ड पार्क का लोकार्पण कर उदयपुर के पर्यावरण व पर्यटन जगत के लिए अनूठी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने बर्ड पार्क प्रवेश द्वार के समीप फिता काटकर एवं लोकार्पण शिलापट्ट का अनावरण करते हुए विधिवत बर्ड पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में घूमकर यहां पर रखे गए बीसियों प्रजातियों के रंग बिरंगे परिंदों को निहारा और खुशी जताई। वन बल प्रमुख डॉ. डी.एन.पाण्डेय और अन्य वन विभागीय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को यहां पर रखें गए पक्षियों और उनकी विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। बर्ड पार्क के लोकार्पण दौरान मुख्यमंत्री व वन मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने पार्क परिसर में पंचवटी उद्यान विकसित करने हेतु पांच प्रजातियों के पौधे रोपें।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शहर के हृदय स्थल पर गुलाबबाग में करीब साढ़े ग्यारह करोड़ रुपये की लागत वाले इस आकर्षक बर्ड पार्क का निर्माण पर्यटन विभाग, वन विभाग, नगर निगम व यूआईटी के द्वारा संयुक्त रूप से करवाया गया है। निर्माण कार्य आरएसआरडीसी लिमिटेड द्वारा किया गया है। करीब 5.11 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले हुए गुलाबबाग के 3.85 हेक्टेयर में बर्ड पार्क का निर्माण किया गया है। इस पार्क के लिए पर्यटन विभाग ने 8 करोड़, नगर निगम ने 1.75 करोड़, यूआईटी ने 1.74 करोड़ रुपये दिए हैं।
पेंथर रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने की घोषणाः
बर्ड पार्क के लोकार्पण उपरांत मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जिले में पैंथर्स की संख्या को देखते हुए पैंथर संरक्षण के लिए पैंथर रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले के 31 प्रतिशत भूभाग वन क्षेत्र है और ग्रीष्म ऋतु में वन क्षेत्रों में आए दिन आग लगने की घटनाओं पर वनकर्मियों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाते हुए प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ये भी रहे मौजूदः
समारोह में वन मंत्री हेमाराम चौधरी, प्रभारी मंत्री रामलाल जाट, पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास, वल्लभनगर विधायक श्रीमती प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, महापौर जी एस टांक, गिर्वा प्रधान श्रीमती सज्जन कटारा, विवेक कटारा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके साथ ही प्रमुख शासन सचिव षिखर अग्रवाल, वन बल प्रमुख डॉ डी.एन.पाण्डेय, मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक अरिन्दम तौमर, संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट, जिला कलक्टर ताराचंद मीणा, सीसीएफ आरके खेरवा, पूर्व सीसीएफ राहुल भटनागर, डीएफओ डॉ. अजीत ऊंचोई सहित प्रकृति व वन्यजीव प्रेमी मौजूद रहे।
महात्मा गांधी की प्रतिमा पर की पुष्पांजलि
बर्ड पार्क के लोकार्पण से पूर्व मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने गुलाबबाग में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि की। इस दौरान पूर्व सांसद रघुवीरसिंह मीणा, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के जिला संयोजक पंकज शर्मा और समिति के सदस्य व बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!