Home>>देश प्रदेश>>राज्य स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक-2022 का शुभारम्भ कल से,राज्य भर के 3 हजार 700 खिलाड़ी लेंगे भाग
देश प्रदेश

राज्य स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक-2022 का शुभारम्भ कल से,राज्य भर के 3 हजार 700 खिलाड़ी लेंगे भाग

जयपुर, 15 अक्टूबर। खेलों के महाकुम्भ राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के अंतिम पड़ाव में कल रविवार, 16 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय खेलों का आयोजन होगा। जयपुर के सवाईमान सिंह स्टेडियम और राजस्थान विश्वविद्यालय के खेल मैदानों पर 6 खेलों में मैच आयोजित होंगे। कुल 330 टीमें खेलेंगी, जिसमें प्रदेश भर के 3 हजार 696 खिलाड़ी भाग लेंगे। दिलचस्प पहलू है कि इन खिलाड़ियों में 1 हजार 914 महिला खिलाड़ी हैं तथा पुरुष खिलाड़ियों की संख्या उनसे कम 1 हजार 782 है। प्रतियोगिताओं के आयोजन की सभी तैयारियां चाक-चौबन्द
खेल मैदान तैयार करने से लेकर, खिलाड़ियों के रुकने, खाने-पीने, रजिस्ट्रेशन, वैन्यु डिजाइनिंग, ट्रास्पोर्टेशन, खिलाड़ियों के लिए ट्रेक सूट आदि की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से किया जाना सुनिश्चित किया गया है। खेलों के आयोजन के लिए रैफरियों का चयन भी किया जा चुका है।           मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की पहल पर पहली बार गांव-गांव, ढाणी-ढाणी में खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए 6 खेलों में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का आयोजन किया गया। 29 अगस्त 2022 से शुरु हुए राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के तहत ग्राम पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हो चुकी है। अब जिला स्तर पर विजेता टीमों के बीच 16 से 19 अक्टूबर तक राज्य स्तर पर मुकाबला होगा। राज्य स्तर पर सभी 33 जिलों से 10-10 विजेता टीमें भाग लेंगी। जिसमें कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी और टेनिस बॉल क्रिकेट की महिला व पुरुष की एक-एक और शूटिंग वॉलीबॉल की पुरुष और खो-खो की महिला टीम शामिल है।ग्राम पंचायत स्तर: मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने 29 अगस्त, 2022 को जोधपुर जिले के पाल गांव के पशु मेला मैदान से राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक का शुभारंभ किया। ग्राम पंचायत स्तरीय मुकाबलों में करीब 30 लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया। 1 सितम्बर तक चली इन चार दिवसीय प्रतियोगिताओं में 9 लाख से अधिक महिलाएं और 20 लाख से अधिक पुरुष खेलने के लिए मैदान में उतरे। 6 खेल प्रतियोगिताओं के लिए 2.68 लाख से अधिक टीमें गठित की गई।
ब्लॉक स्तरः 12 से 15 सितम्बर तक ब्लॉक स्तरीय खेल आयोजित किए गए। इसके लिए करीब 5.50 लाख खिलाड़ियों की 47 हजार टीमें गठित की गई।
जिला स्तरः 29 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। जिसमें 34,700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 3,127 टीमें खेलने के लिए मैदान में उतरी।
ग्रामीण ओलम्पिक हर वर्ष, शहरों में भी शुरू होंगे
प्रदेश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन करने के लिए ‘राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक’ की तर्ज पर शहरी ओलम्पिक खेलों की आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही, ग्रामीण ओलम्पिक का आयोजन हर वर्ष होगा। ताकि, लोगों में खेल भावना एवं अभ्यास का दौर निरंतर बना रहे।
सद्भावना और सामूहिक विकास की सोच को सम्बल मिलेगा
ओलम्पिक खेलों से उभरने वाली प्रतिभाएं आगे चलकर ओलंपिक और कॉमनवेल्थ में बेहतर प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। इन खेलों से खेल भावनाओं का विकास होगा, जिससे आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भावना और पारस्परिक विकास की सौहार्दपूर्ण सोच विकसित होगी। इन खेलों का उद्देश्य समाज और क्षेत्र में खेल भावना का संचार करना है।   ……………….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!