विधायक की गैर मौजूदगी को भाजपा की हार का बता रहे कारण
फतहनगर। विधानसभा चुनावों के दौरान विधायक धर्मनारायण जोशी 28500 मतों से जीते थे वहीं लोकसभा चुनावों में सी.पी.जोशी को 90 हजार से भी अधिक मतों की लीड मावली विधानसभा क्षेत्र से मिली थी। इसके बाद ऐसा क्या हो गया कि मावली में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ गया। मावली पंचायत समिति चुनाव में प्रधान का पद सामान्य वर्ग से होने के चलते भाजपा के विधायक दावेदार चन्द्रगुप्तसिंह चैहान भी जेवाणा-लोपड़ा से चुनाव लड़े लेकिन वे भी मावली के पूर्व सरपंच मोहनलाल जाट के सामने अपनी हार को नहीं बचा पाए। कारण जो भी रहे हों लेकिन मावली में लोग इस बार हार के लिए क्षेत्रीय विधायक धर्मनारायण जोशी की अनुपस्थिति एवं अंतिम समय में मैदान में आने को गिना रहे हैं। कांग्रेस का चुनावी प्रबन्धन भाजपा के मुकाबले कई मायनों में बेहतर था जबकि भाजपा का चुनावी प्रबन्धन कहीं भी देखने को नहीं मिला। पूर्व विधायक दलीचंद डांगी को कभी कुराबड़ तो कभी मावली भेजा गया लेकिन भाजपा इसी उहापोह में प्रधान का मुकाबला हार गई। इस चुनाव को पूर्व विधायक पुष्करलाल डांगी ने अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बनाकर लड़ा। डांगी के लिए मावली में कांग्रेस का बोर्ड बनाना ही सर्वोपरी था। इस चुनाव में जीत के साथ ही डांगी को एक तरह से संजीवनी मिल गई है। प्रधान के लिए पुष्करलाल डांगी के इर्द गिर्द भी कोई नहीं है। हालांकि इसका निर्णय आलाकमान करेगा। इस जीत के साथ ही डांगी ने आगामी विधानसभा के मद्देनजर भी निशाना साधा है।
मावली